शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

मऊ :रिश्तों का खून,भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट,मचा कोहराम।||Mau:A blood feud between relatives; nephew stabs uncle to death, causing chaos and uproar.||

शेयर करें:
मऊ :
रिश्तों का खून,भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट,मचा कोहराम।। 
।। देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के बोझी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां रिश्तों का खून, सचमुच खून में बदल गया। जहाँ एक भतीजे ने मामूली विवाद मे चाचा को चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर भाग गया। सनसनीखेज हत्या की घटना से इलाके मे हड़कंप मच गया । सूचना पर पहुची पुलिस टीम घटना की छानबीन शुरु कर दी।
विस्तार :
जनपद मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र के बोझी इलाके के खनतिया गांव में शुक्रवार रात ऐसा खूनी खेल हुआ, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया। एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। हमले में मृतक का बड़ा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना बीते शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। गांव निवासी रामभवन यादव, उम्र 42 वर्ष, अपने बड़े भाई विजयभान यादव, उम्र 50 वर्ष, के साथ घर पर बैठकर खाना खा रहे थे। सब कुछ सामान्य था। तभी नशे की हालत में उनका चचेरा भाई विजेंद्र यादव वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जब विजयभान यादव ने झगड़े को शांत करने की कोशिश की, तो विजेंद्र यादव ने अपने 15 वर्षीय बेटे को मौके पर बुला लिया। कुछ ही पलों में किशोर हाथ में चाकू और लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंच गया… और फिर जो हुआ, उसने सभी को दहला दिया। बताया जा रहा है कि किशोर ने रामभवन यादव के सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। इतना ही नहीं, लाठी-डंडों से उनके सिर पर भी हमला किया गया। रामभवन यादव लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए बड़े भाई विजयभान यादव को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजन और गांव वालों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए आजमगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने रामभवन यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचते-पहुंचते उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल विजयभान यादव का इलाज अभी जारी है। मृतक रामभवन यादव अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी का परिवार छोड़ गए हैं। घर में मातम पसरा है और गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में मृतक की पत्नी संगीता यादव की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।एक मामूली विवाद,नशे का असर और फिर ऐसा खूनी अंजाम, जिसने एक परिवार को उजाड़ दिया।