गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

मथुरा में रफ्तार का कहर: Maruti Fronx नाले में गिरी, चार युवकों की दर्दनाक मौत!!

शेयर करें:

मथुरा में रफ्तार का कहर: Maruti Fronx नाले में गिरी, चार युवकों की दर्दनाक मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गोवर्धन-डीग मार्ग पर नगला देविया बाईपास के पास भीषण सड़क हादसा, दो लॉ स्टूडेंट समेत चार की मौके पर ही मौत

दो टूक:: नोएडा//मथुरा। जनपद मथुरा के गोवर्धन-डीग मार्ग पर वीरवार को रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि चार घरों के चिराग एक साथ बुझ गए। नगला देविया बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार मारुति फ्रोंक्स कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे बनी पानी की टंकी से टकराई और फिर उछलते हुए गहरे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अत्यधिक तेज गति से दौड़ रही थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन पहले पानी की टंकी से टकराया और फिर सीधे नाले में जा गिरा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चारों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था।

मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान राहुल (23), अमित (22) और मोहित के रूप में की है। एक युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो युवक लॉ के छात्र थे। सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होने राजस्थान जा रहे थे।

विधिक कार्रवाई जारी

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

रफ्तार का जुनून बना काल

हाल के दिनों में सड़क हादसों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। नोएडा और दिल्ली की तरह अब मथुरा में भी रफ्तार ने चार जिंदगियां निगल लीं। एक पल की लापरवाही और तेज गति की सनक ने हंसते-खेलते परिवारों को गहरे जख्म दे दिए।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की त्रासदियों से बचा जा सके।।