गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: अवैध संबंध बना हत्या की साजिश का कारण: दादरी पुलिस ने 72 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अवैध संबंध बना हत्या की साजिश का कारण: दादरी पुलिस ने 72 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पुलिस मुठभेड़ में 3 अभियुक्त (1 घायल) व मृतक की पत्नी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बांका, अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा (दादरी)। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर अज्ञात शव प्रकरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी समेत तीन पुरुष अभियुक्त शामिल पाए गए हैं। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त घायल भी हुआ है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बांका (आलाकत्ल), अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

 16 फरवरी को मिला था अज्ञात शव

दिनांक 16 फरवरी 2026 को थाना दादरी क्षेत्र के कठहैरा रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। पुलिस ने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, पंपलेट वितरण और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त गोविन्द रावल उर्फ भूरा, निवासी ग्राम घोडी बछेड़ा, थाना दादरी के रूप में हुई।

मृतक के भाई की तहरीर पर मु0अ0सं0 071/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की गई।

 चार टीमों का गठन, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार

घटना के अनावरण हेतु चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। 19 फरवरी 2026 को पुलिस ने कोट नहर से ग्राम चक्रसेनपुर मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया:

  • रोहित रावल पुत्र शैलेन्द्र उर्फ शीलेन्द्र रावल
  • नफीस पुत्र रफीक (घायल अवस्था में)

इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बांका, एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर मय कारतूस तथा मोटरसाइकिल संख्या UP16DP4829 बरामद हुई।

इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने मामले से जुड़े अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया:

  • धर्मेन्द्र पुत्र सुरेन्द्र रावल
  • प्रीति देवी पत्नी गोविन्द रावल (मृतक की पत्नी)

 अवैध संबंध और घरेलू कलह बना हत्या की वजह

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त रोहित ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक गोविन्द रावल अपनी पत्नी प्रीति के साथ शराब के नशे में मारपीट करता था। लगभग दो वर्ष पूर्व रोहित और प्रीति के बीच अवैध संबंध बन गए थे। दोनों ने मिलकर गोविन्द को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

12 फरवरी 2026 को योजना के तहत रोहित ने गोविन्द को घर से बुलाया और अपने मित्र धर्मेन्द्र की मोटरसाइकिल से दादरी ले गया। पहले से तय योजना के अनुसार नफीस को भी जीटी रोड चिटहैरा पेट्रोल पंप के पास बुलाया गया। शराब पिलाकर जब गोविन्द नशे में धुत हो गया, तब रोहित ने उसके हाथ पकड़ लिए और नफीस ने बांका से वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। 15 फरवरी को रोहित और धर्मेन्द्र ने शव को वहां से हटाकर थोड़ी दूरी पर छिपा दिया था।

 मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी रोहित रावल पर हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, लूट और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नफीस पर भी चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज पाए गए हैं।

 बरामदगी

  • 01 बांका (आलाकत्ल)
  • 01 मोटरसाइकिल (UP16DP4829)
  • 01 अवैध तमंचा .315 बोर
  • 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस

 पुलिस की तत्परता से सुलझा मामला

दादरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और सतत निगरानी के चलते यह हत्याकांड 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि अवैध संबंध और आपसी वैमनस्य किस तरह एक परिवार को बर्बादी की कगार पर पहुंचा देते हैं।।