गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में खिला रंगों का संसार: 38वें फ्लावर शो का भव्य आगाज़, केदारनाथ मंदिर बना मुख्य आकर्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में खिला रंगों का संसार: 38वें फ्लावर शो का भव्य आगाज़, केदारनाथ मंदिर बना मुख्य आकर्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। शहर के सेक्टर-33 स्थित शिवालिक पार्क में 38वें फ्लावर शो का भव्य शुभारंभ हो गया। चार दिवसीय इस रंगारंग आयोजन का उद्घाटन गौतमबुद्ध नगर के सांसद Mahesh Sharma ने फीता काटकर किया। 19 फरवरी से 22 फरवरी तक चलने वाले इस फ्लावर शो में देश-विदेश की दुर्लभ और खुशबूदार पुष्प प्रजातियों की मनमोहक प्रदर्शनी सजाई गई है।

 केदारनाथ मंदिर बना आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष फ्लावर शो का सबसे बड़ा आकर्षण फूलों से निर्मित भव्य केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति है। करीब 40 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा यह मंदिर 15 से 20 कुंटल ताजे फूलों से सजाया गया है। मंदिर की बारीक सजावट और भव्यता लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। श्रद्धालु और दर्शक मंदिर के सामने फोटो और सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना रहे हैं।

 120 प्रजातियों के खुशबूदार फूल

फ्लावर शो में इस बार लगभग 120 प्रजातियों के फूल लगाए गए हैं, जिनकी रंगत और खुशबू पूरे शिवालिक पार्क को महका रही है। विभिन्न राज्यों से मंगाए गए फूलों के साथ-साथ स्थानीय बागवानी विभाग ने भी विशेष तैयारियां की हैं।

 शिवलिंग, 20 फीट त्रिशूल और करेले से बना हाथी

फूलों की इस प्रदर्शनी में धार्मिक और कलात्मक झलक भी देखने को मिल रही है। यहां फूलों से आकर्षक शिवलिंग तैयार किया गया है, वहीं करीब 20 फीट ऊंचा त्रिशूल भी बनाया गया है। सबसे अनोखा आकर्षण रहा करेले से निर्मित हाथी, जिसने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है।

 सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आयोजकों के अनुसार चार दिनों में करीब 5 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।

परिवारों और युवाओं के लिए खास आकर्षण

फ्लावर शो में बड़ी संख्या में परिवार, युवा और बच्चे पहुंच रहे हैं। रंग-बिरंगे फूलों की साज-सज्जा और भव्य कलात्मक संरचनाएं लोगों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान कर रही हैं।

नोएडा का यह वार्षिक फ्लावर शो न केवल शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है, बल्कि पर्यटन और स्थानीय बागवानी को भी बढ़ावा दे रहा है। आने वाले चार दिनों तक शिवालिक पार्क फूलों की खुशबू और रंगों से सराबोर रहेगा।।