शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: गार्डन गैलेरिया के IMPLUSE बार में बाउंसरों की दबंगई! DJ फ्लोर विवाद के बाद ग्राहकों से बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गार्डन गैलेरिया के IMPLUSE बार में बाउंसरों की दबंगई! DJ फ्लोर विवाद के बाद ग्राहकों से बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल!!

 वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर

दो टूक// नोएडा | 

नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र अंतर्गत गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित IMPLUSE बार एक बार फिर गंभीर विवादों में फंसता नजर आ रहा है। बार में बाउंसरों द्वारा की गई कथित गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था और बार प्रबंधन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

DJ फ्लोर पर मामूली विवाद बना हिंसा की वजह

बताया जा रहा है कि DJ फ्लोर पर डांस को लेकर हुए एक मामूली विवाद के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि विवाद शांत कराने के बजाय बार के बाउंसरों ने युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद अन्य ग्राहक भी दहशत में आ गए।

वीडियो बना रहे युवक और महिलाओं से भी मारपीट के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कुछ युवक और महिलाएं इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे तो बाउंसरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। महिलाओं के साथ बदसलूकी के आरोपों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

बार के भीतर कानून-व्यवस्था की उड़ाई गई धज्जियां

आरोप है कि IMPLUSE बार में खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार संचालक को कानून का कोई भय नहीं है, इसी कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती रही हैं।
ग्राहकों द्वारा मिलावटी शराब परोसने, देर रात तक अराजक माहौल, और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की शिकायतें भी लंबे समय से की जा रही हैं।

सोशल मीडिया पर उबाल, सख्त कार्रवाई की उठी मांग

घटना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने IMPLUSE बार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, बाउंसरों की गिरफ्तारी और बार के लाइसेंस की जांच की मांग तेज कर दी है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, डांस को लेकर हुए आपसी विवाद में शामिल दोनों पक्षों के कुल 07 लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है।

अब बड़ा सवाल

लगातार विवादों में घिरते जा रहे IMPLUSE बार पर क्या प्रशासन सख्ती दिखाएगा?
या फिर इस तरह की घटनाएं यूं ही नोएडा की छवि को धूमिल करती रहेंगी?