गोण्डा- एसपी विनीत जायसवाल द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में स्थापित “वामा स्वावलंबन केंद्र” का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। तत्पश्चात एसपी द्वारा केंद्र का निरीक्षण किया गया एवं वहां उपलब्ध प्रशिक्षण संसाधनों, उपकरणों तथा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की सदस्याएं, वामा सारथी से जुड़े प्रतिनिधि, उप्र कौशल विकास मिशन के अधिकारी तथा पुलिस परिवार की महिलाएं व प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहीं। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना समाज के समग्र विकास की नींव है। आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं अवसर प्रदान करने की है। “वामा स्वावलंबन केंद्र” इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए स्थापित किया गया है, जिससे महिलाएं ब्यूटी एंड वेलनेस सेक्टर में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें। यह “वामा स्वावलंबन केंद्र” वामा सारथी, उप्र पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन एवं उप्र कौशल विकास मिशन के संयुक्त सहभागिता से संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र के माध्यम से पुलिस परिवार की महिलाओं/बालिकाओं को हेयर ड्रेसिंग, मेकअप, स्किन केयर, ब्यूटी थेरेपी, सैलून मैनेजमेंट सहित अन्य आधुनिक ब्यूटी एवं वेलनेस से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को न केवल तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा, बल्कि उन्हें स्वरोजगार प्रारंभ करने, छोटे उद्यम स्थापित करने तथा ग्राहक प्रबंधन जैसी व्यावहारिक जानकारियां भी प्रदान की जाएंगी, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस केंद्र के संचालन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं नियमितता सुनिश्चित की जाए तथा अधिक से अधिक पुलिस परिवार की महिलाओं एवं अन्य इच्छुक महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जाए।