शनिवार, 7 फ़रवरी 2026

गोण्डा- रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन

शेयर करें:
गोण्डा- पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आज वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन एवं अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा परिसर में सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक “वामा वेलनेस कैम्प” का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक जांच सुविधाएं सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना रहा, जिससे वे अपने व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच भी स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकें। कैम्प के दौरान अपोलोमेडिक्स हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल टीम द्वारा प्रतिभागियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। डायटीशियन द्वारा संतुलित आहार, वजन नियंत्रण, ड्यूटी के दौरान उचित खान-पान एवं जीवनशैली संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा हड्डी एवं मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं, कमर/गर्दन दर्द, लंबे समय तक ड्यूटी के कारण होने वाली शारीरिक परेशानियों के निवारण हेतु आवश्यक व्यायाम एवं सावधानियों की जानकारी दी गई। ऑप्टोमेट्रिस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण कर जरूरतमंदों को उचित परामर्श प्रदान किया गया, वहीं नर्सिंग स्टाफ द्वारा सभी जांच प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। इसके अतिरिक्त महिला चिकित्सक द्वारा उपस्थित पुलिस परिवारजनों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, नियमित जांच, एनीमिया की रोकथाम, जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया गया। शिविर में रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ विभिन्न पैथोलॉजी जांचें-जैसे शुगर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन, थायरॉइड प्रोफाइल आदि निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे अधिक से अधिक पुलिस कर्मी एवं उनके परिजन लाभान्वित हो सकें। उक्त वेलनेस कैम्प में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित हुए तथा उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों द्वारा इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया गया। इस प्रकार के आयोजनों से पुलिस परिवार को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं सुलभ होने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है, जो बेहतर कार्यक्षमता एवं स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। जनपदीय पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु इस प्रकार के स्वास्थ्य, परामर्श एवं जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित कराए जाने के प्रयास किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री शिल्पा वर्मा, डब्ल्यूसीएसओ प्रभारी श्रीमती प्रतिभा सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।