गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चालक की मौत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चालक की मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। घटना जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुर्जा रोड स्थित नीमका गांव के पास की बताई जा रही है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली खुर्जा रोड पर अपनी लेन में आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर भेज दिया गया है। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खुर्जा रोड पर बढ़ते भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने तथा नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।।