गौतमबुद्धनगर: बंद कमरे में फटा रसोई गैस सिलेंडर, भीषण आग से दहला छिजरसी गांव!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दमकल की तत्परता से टली बड़ी जनहानि, घर में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया
दो टूक// नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र अंतर्गत छिजरसी गांव में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक बंद कमरे में अचानक रसोई गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कमरे से उठती लपटें पूरे मकान में फैल गईं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-63 पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कराया।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों के बीच घर में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया सिलेंडर में गैस रिसाव के बाद बंद कमरे में गैस भर जाने से विस्फोट हुआ प्रतीत होता है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर और पाइप की नियमित जांच कराते रहें तथा किसी भी प्रकार की गैस की गंध आने पर तुरंत संबंधित एजेंसी और आपातकालीन सेवाओं को सूचित करें।
समय रहते दमकल विभाग की तत्परता और पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।
