गोंडा- मनकापुर में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। टिकरी जंगल के पास अचानक बंदरों के झुंड को बचाने के प्रयास में एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पटेल नगर निवासिनी 65 वर्षीय लक्ष्मी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला का एक वर्षीय पोता गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा कि परिवार फैजाबाद से बच्चे की दवा कराकर लौट रहा था, तभी रुदापुर सम्मय मंदिर के पास यह दुर्घटना हुई। गौरतलब है कि अभी बीते 20 फरवरी को ही परिवार में शादी की खुशियां मनाई गई थीं, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।