रविवार, 8 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय गणित दिवस पर जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी: पंचशील बालक इंटर कॉलेज में छात्रों की रचनात्मकता और तार्किक सोच का शानदार प्रदर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय गणित दिवस पर जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी: पंचशील बालक इंटर कॉलेज में छात्रों की रचनात्मकता और तार्किक सोच का शानदार प्रदर्शन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 08 फरवरी 2026

दो टूक// राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 नोएडा में जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। यह शैक्षणिक कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक अर्चना शिरोमणि के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय की ओर से कार्यक्रम समन्वयक कविता सक्सेना ने बताया कि प्रदर्शनी में नोएडा के चार विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी एवं पूर्व भारतीय जूडो टीम के कोच रविंद्र दहिया तथा विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जूडो एवं एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मनीष मान सहित गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणितीय मॉडलों का गहन अवलोकन किया। निर्णायक समिति में जी.एन.आई.ओ.टी. के प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं गणित शिक्षिका वंदना कौशिक शामिल रहीं।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने गणित की विविध अवधारणाओं पर आधारित आकर्षक, नवाचारी और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक उपयोग को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर “गणित क्यों आवश्यक है” विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद भी आयोजित हुआ, जिससे उनकी तार्किक क्षमता सुदृढ़ हुई और गणित के प्रति रुचि और अधिक बढ़ी।

परिणामों की घोषणा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंथन स्कूल की छात्रा दिव्या सिंह द्वारा प्रस्तुत “मैथ क्वेस्ट” मॉडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र अर्णव गुप्ता को मिला, जिन्होंने अपने मॉडल में गणित के इतिहास को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। तृतीय स्थान जे.पी. स्कूल के छात्र विशाल सिंह के मॉडल ने प्राप्त किया, जो कोणों के प्रकार एवं समानांतर रेखाओं पर आधारित था। वहीं डायमंड पब्लिक स्कूल के छात्र हिमांशु एवं आदित्य को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में रमेश कुमार (वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज—WASME) तथा मनीषा श्रीवास्तव (ए.आर.पी., शिक्षा विभाग) की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ नवाचार, विश्लेषण क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं तथा गणित के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षिकाएँ नीलम रानी, सोनी सिंह, ऋचा एवं शकीला की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।।