शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन, कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद ली अंतिम सांस!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन, कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद ली अंतिम सांस!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा// अलीगढ़ भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह करीब 4:36 बजे निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे और फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। पिछले कई दिनों से उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल, ओमेगा-1 में भर्ती कराया गया था, जहां वेंटिलेटर सपोर्ट पर उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की है।

उनका पार्थिव शरीर नोएडा से अलीगढ़ लाया गया है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। पिता के निधन की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह चेन्नई से अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।

बीमारी की खबर मिलते ही टीम इंडिया का साथ छोड़ पहुंचे थे नोएडा

रिंकू सिंह इस समय टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। 24 फरवरी को पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही वे चेन्नई से सीधे नोएडा पहुंचे थे और उन्हें टीम का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। परिवार के साथ समय बिताने के बाद 25 फरवरी को वे फिर टीम से जुड़ गए थे।

हालांकि 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर फील्डिंग करते नजर आए। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा — पांच मैचों में वे केवल 24 रन ही बना सके थे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे। अब वे वर्ल्ड कप अभियान बीच में छोड़कर घर लौट रहे हैं।

संघर्षों से भरा बचपन, पिता की मेहनत से बना क्रिकेटर

रिंकू सिंह का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और परिवार के पांचों भाई इस काम में हाथ बंटाते थे। खुद रिंकू भी बाइक पर दो-दो सिलेंडर रखकर घरों और होटलों में सप्लाई करते थे।

क्रिकेट खेलने के लिए संसाधनों की कमी थी और परिवार पढ़ाई पर ज्यादा जोर देता था, लेकिन उनकी मां ने हमेशा उनके खेल के सपनों को प्रोत्साहित किया। पूर्व कोचों के अनुसार, पिता खानचंद सिंह ने बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की।

इस दुखद खबर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी शोक जताते हुए इसे रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय बताया है।

शादी की तारीख पर फिर से हो सकता है विचार

रिंकू सिंह की सगाई समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है और इसी वर्ष जून में शादी की योजना थी। लेकिन पिता के निधन के बाद परिवार अब शादी की तारीख पर दोबारा विचार कर सकता है।

इससे पहले भी क्रिकेट शेड्यूल के कारण शादी दो बार टल चुकी है। बड़े भाई के अनुसार, आईपीएल के बाद नई तारीख तय की जानी थी। शादी काशी में और रिसेप्शन अलीगढ़ में प्रस्तावित था।

घर में पसरा मातम, अंतिम संस्कार की तैयारियां जारी

फिलहाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। घर का माहौल शोकमय बना हुआ है और सभी परिजन गहरे सदमे में हैं। अलीगढ़ में अंतिम संस्कार की तैयारियां जारी हैं, जहां अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए रिश्तेदारों और करीबियों का जुटना शुरू हो गया है।।