शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: सड़कों पर ‘मौत’ बनकर दौड़ रहे सांड: एक की जान गई, कई हमलों से दहशत में नोएडा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सड़कों पर ‘मौत’ बनकर दौड़ रहे सांड: एक की जान गई, कई हमलों से दहशत में नोएडा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा की सड़कों पर आवारा सांड अब सिर्फ ट्रैफिक की समस्या नहीं, बल्कि जानलेवा खतरे में बदल चुके हैं। ताज़ा घटनाओं की श्रृंखला ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दावों की हकीकत उजागर कर दी है।

सेक्टर-4 ए ब्लॉक के पास कुछ लोग आपस में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। अचानक एक सांड वहां आ पहुंचा। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सांड ने उनमें से एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। मौके पर मौजूद साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे बचाया। राहत की बात यह रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना ने इलाके में दहशत जरूर फैला दी।

लेकिन यह कोई अकेली घटना नहीं है — बल्कि एक खतरनाक सिलसिला बन चुका है।

इससे पहले सेक्टर-2 में 44 वर्षीय सेवेंद्र कुमार अपनी साइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आए एक सांड ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसने शहर में आवारा पशुओं के खतरे की भयावह तस्वीर सामने रख दी।

इसी तरह सेक्टर-4 में एक ग्राफिक्स डिजाइनर पर भी ऑफिस के बाहर खड़े होने के दौरान सांड ने हमला कर दिया। लगातार हो रहे ऐसे हमलों से आम लोगों में खौफ का माहौल है। अब लोग सड़कों पर निकलने से पहले ट्रैफिक नहीं, बल्कि सांडों से टकराने के डर से घबराने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नोएडा प्राधिकरण द्वारा आवारा पशुओं को हटाने के लिए कोई ठोस और प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। गौशालाओं और पकड़ने की कार्रवाई के दावे जरूर किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

खुलेआम सड़कों पर घूमते सांड अब लोगों की जान ले रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन हर हादसे के बाद ही जागेगा?

नोएडा में बढ़ते हमलों के बीच अब जिम्मेदारी तय करना जरूरी हो गया है, क्योंकि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो अगला शिकार कौन होगा — यह कहना मुश्किल है।