गौतमबुद्धनगर: सिलारपुर में किसान हुंकार: प्राधिकरण के खिलाफ जल्द होगा बड़ा महा आंदोलन – पवन खटाना!!
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के नव नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता भारतीय किसान यूनियन के नेता पवन खटाना का नोएडा के सिलारपुर गांव में भव्य स्वागत किया गया। गांव निवासी अमित भाटी के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में डीजे, ढोल-नगाड़ों, पगड़ी बांधकर, फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया तथा चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, किसान और मजदूर कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आबादी निस्तारण और किसान कोटे के प्लॉट पर उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। सिलारपुर वासियों ने बताया कि आबादी निस्तारण और किसान कोटे के प्लॉटों का मामला लंबे समय से लंबित है। आरोप लगाया गया कि प्राधिकरण द्वारा पुरानी आबादियों में बने मकानों को तोड़ने के नोटिस देकर लोगों को डराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।
“प्राधिकरण लाला की दुकान बन चुका है” – पवन खटाना
अपने संबोधन में पवन खटाना ने कहा कि सिलारपुर के ग्रामीणों द्वारा दिया गया सम्मान उनके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण अब “लाला की दुकान” बन चुका है, जहां बिल्डरों और उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की जा रही है, लेकिन किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही। “अब समय आ गया है कि किसान और मजदूर एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ें। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा महा आंदोलन किया जाएगा और समाधान होने तक हम डटे रहेंगे,” उन्होंने ऐलान किया।
युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान की सक्रिय भूमिकाकार्यक्रम में युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही। ललित चौहान ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और आंदोलन को मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसान हितों की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना होगा और शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को सुना जाएगा और उन्हें संगठन के मंच तक पहुंचाया जाएगा। युवा नेतृत्व के रूप में उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला।
मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने रखा संगठन का पक्ष
नोएडा मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि संगठन किसानों की हर वैध मांग के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में रहेगा, लेकिन किसानों के हक से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सुनील प्रधान ने कहा कि प्राधिकरण को चाहिए कि वह किसानों के साथ संवाद स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करे, ताकि टकराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
बड़ी संख्या में किसान-मजदूर रहे मौजूदइस मौके पर राजे प्रधान, गजेंद्र चौधरी, सुरेंद्र नागर, राजीव मलिक, सुंदर तंवर, सूबे राम मास्टर, चाहत मास्टर, बेली भाटी, गुलाब, अजीत बाबा, प्रदीप नागर, धर्मपाल स्वामी, धर्मेंद्र, राजमल, विनोद पंडित, इंद्रीश चेची, अमित डेढ़ा, ललित चौहान, सोबी ककराला, सचिन, गजराज भाटी, अरविंद लोहिया, सत्ते भाटी, योगेश भाटी, संदीप खटाना, सुंदर खटाना, सोनू, राकेश चौधरी, चिराग, कपिल तंवर, अविनाश तंवर, योगी नंबरदार, लाला चौधरी, नरेंद्र नागर, सोनू कसाना सहित सैकड़ों किसान और मजदूर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो प्राधिकरण के खिलाफ व्यापक स्तर पर महा आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।