रविवार, 22 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: इंडिया चिप परियोजना का ऐतिहासिक शिलान्यास: जेवर से उठी भारत की डिजिटल आत्मनिर्भरता की नई क्रांति!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: इंडिया चिप परियोजना का ऐतिहासिक शिलान्यास: जेवर से उठी भारत की डिजिटल आत्मनिर्भरता की नई क्रांति!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली रखी आधारशिला, योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट को मिली औपचारिक शुरुआत

गौतमबुद्धनगर, 21 फरवरी 2026।
भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जनपद गौतमबुद्धनगर के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-28, जेवर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना इंडिया चिप का शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई HCL Group और Foxconn के संयुक्त उपक्रम के रूप में स्थापित की जा रही है। लगभग 3700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में एक नई इबारत लिखने जा रही है।

“चिप्स हैं 21वीं सदी का डिजिटल डायमंड”: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी प्रौद्योगिकी की सदी है और सेमीकंडक्टर आधुनिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कभी तेल को “ब्लैक गोल्ड” कहा जाता था, उसी प्रकार आज चिप्स “डिजिटल डायमंड” बन चुके हैं।

मोबाइल फोन, ऑटोमोबाइल, रक्षा उपकरण, चिकित्सा उपकरण, एआई, डेटा सेंटर और डिजिटल अवसंरचना—हर क्षेत्र में चिप की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इंडिया चिप परियोजना भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजनाओं और नीतिगत सुधारों के कारण भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। आज भारत केवल उपभोक्ता बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

जेवर से बदलता उत्तर प्रदेश का औद्योगिक भूगोल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश ने “स्केल और स्पीड” के साथ विकास की नई परिभाषा गढ़ी है। वर्ष 2017 से पहले जेवर क्षेत्र अराजकता और असुरक्षा के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही क्षेत्र निवेश, उद्योग और आधुनिक अवसंरचना का केंद्र बन चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘फियरलेस बिजनेस’ और ‘ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ का मजबूत इकोसिस्टम स्थापित हुआ है। 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियों, डी-रेगुलेशन और डी-क्रिमिनलाइजेशन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। जेवर आज मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स और अब सेमीकंडक्टर उत्पादन का उभरता हुआ वैश्विक केंद्र बन रहा है।

प्रतिमाह 3.6 करोड़ चिप का उत्पादन, हजारों को मिलेगा रोजगार

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस अत्याधुनिक प्लांट में प्रतिमाह लगभग 3 करोड़ 60 लाख चिप का उत्पादन किया जाएगा। यह यूनिट डिस्प्ले ड्राइवर सेमीकंडक्टर ओसैट (OSAT) तकनीक पर आधारित होगी।

इस परियोजना से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। स्थानीय स्तर पर कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग अवसरों का विस्तार होगा, जिससे प्रदेश के युवाओं को वैश्विक तकनीकी उद्योग में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

उद्योग जगत का भरोसा और सरकार का समर्थन

एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने कहा कि यह परियोजना भारत की तकनीकी एवं विनिर्माण पारिस्थितिकी को नई मजबूती देगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर बिजनेस ग्रुप के अध्यक्ष बॉब चेन ने कहा कि यह संयुक्त उद्यम भारत में निर्माण, संचालन और स्थानीयकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है और भविष्य में वैश्विक बाजारों के लिए उत्पादन का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

उत्तर प्रदेश बनेगा हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग का अग्रणी केंद्र

डबल इंजन सरकार के सहयोग से उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे में अग्रणी राज्य बन चुका है। यमुना एक्सप्रेसवे, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के साथ अब सेमीकंडक्टर यूनिट की स्थापना प्रदेश को हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग के मानचित्र पर स्थापित करेगी।

इंडिया चिप परियोजना का यह शिलान्यास न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत के लिए तकनीकी आत्मनिर्भरता, औद्योगिक प्रगति और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दिशा में एक मजबूत आधारशिला साबित होगा।

जेवर से उठी यह तकनीकी क्रांति आने वाले वर्षों में भारत को सेमीकंडक्टर शक्ति के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।