मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: औद्योगिक व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त: बैठक से गायब अफसरों से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब, अतिक्रमण-जाम-कूड़ा समस्या पर चलेगा विशेष अभियान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: औद्योगिक व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त: बैठक से गायब अफसरों से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब, अतिक्रमण-जाम-कूड़ा समस्या पर चलेगा विशेष अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 24 दिसम्बर 2026।
जनपद में औद्योगिक माहौल को सुगम, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला उद्योग बन्धु समिति एवं जिला एमआईयू की अहम बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जहां उद्यमियों की समस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ, वहीं अनुपस्थित अधिकारियों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त रुख अपनाया।

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत

बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के वर्क सर्कल एसीईओ और ओएसडी के उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने तीखी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शासन को स्थिति से अवगत कराया जा सके और भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बैठक से पूर्व उद्यमियों की शिकायतों का निस्तारण कर एक सप्ताह पहले रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिससे समीक्षा प्रक्रिया परिणामोन्मुखी बन सके।

उद्यमियों ने उठाईं जमीनी समस्याएं

बैठक में उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा-कचरा निस्तारण, पार्किंग की कमी, खराब सड़कें, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी से जुड़ी जटिलताएं, जल आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से रखा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र के आसपास के बाजारों की स्थानीय समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।

अतिक्रमण हटाओ और ट्रैफिक सुधारो अभियान

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि औद्योगिक और बाजार क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। आवश्यकतानुसार जुर्माना लगाते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग को व्यस्त बाजारों में अतिरिक्त बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए, ताकि उद्यमियों और आम नागरिकों को निर्बाध आवागमन मिल सके।

कूड़ा निस्तारण पर सख्त मॉनिटरिंग

कूड़ा-कचरा समस्या के समाधान के लिए नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की क्षेत्रवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग हो और बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चिन्हित कूड़ादन स्थलों पर संबंधित कर्मचारी, वाहन और चालक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।

महिला उद्यमियों के लिए विशेष व्यवस्था

जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए शौचालयों के समुचित रखरखाव और आवश्यकता अनुसार नए शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय 24×7 संचालित किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, जिससे महिला उद्यमियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके!

बैठक में रहे प्रमुख अधिकारी

बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने किया। इस अवसर पर एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वी एस, ओएसडी यमुना विकास प्राधिकरण शिव अवतार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रितेश कुमार, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह सहित पुलिस, प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि औद्योगिक विकास में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान ही जनपद के औद्योगिक विकास की प्राथमिकता है।