मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: लुक्सर हत्याकांड: ईकोटेक-1 पुलिस की मुठभेड़ में नामजद आरोपी घायल, अवैध तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: लुक्सर हत्याकांड: ईकोटेक-1 पुलिस की मुठभेड़ में नामजद आरोपी घायल, अवैध तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 24 फरवरी 2026।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने लुक्सर हत्याकांड के एक नामजद आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 दिनदहाड़े गोली मारकर की गई थी हत्या

मंगलवार को थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के ग्राम लुक्सर में नितिन पुत्र फिरे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

 गोपनीय सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर जानकारी मिली कि वारदात में शामिल आरोपी मोनू पुत्र सुखवीर ग्राम पुआरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

 अवैध असलहा बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड में अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।