रविवार, 15 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: महाशिवरात्रि पर सलारपुर शिव मंदिर में ‘टिकैत रसोई’ का विशाल भंडारा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महाशिवरात्रि पर सलारपुर शिव मंदिर में ‘टिकैत रसोई’ का विशाल भंडारा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

दो टूक//नोएडा।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सेक्टर–81 स्थित गुर्जर सम्राट मिहिर भोज चौक मेट्रो स्टेशन के निकट शिव मंदिर सलारपुर में भक्ति, सेवा और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी द्वारा संचालित “टिकैत रसोई” के माध्यम से यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयकारों से दिनभर गूंजता रहा।

भंडारे का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी द्वारा किया गया। उन्होंने विधिवत शिवलिंग का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव समस्त सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं और उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

कांवड़ियों का भव्य स्वागत

महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं का जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने सनातन परंपरा के अनुसार तिलक, पूजन और माला पहनाकर स्वागत किया। मंदिर परिसर “ॐ नमः शिवाय” के मंत्रोच्चारण से शिवमय हो उठा। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

सेवा भाव का प्रतीक बने अशोक भाटी

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर आयोजित यह भंडारा केवल परंपरा नहीं, बल्कि “सेवा ही शिव है” की भावना का साकार रूप है। वे वर्षों से सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। किसानों की आवाज बुलंद करने के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक सेवा कार्यों में उनकी अग्रणी भागीदारी उन्हें क्षेत्र में एक समर्पित जननेता के रूप में पहचान दिलाती है।

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दिनभर चले भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा।

इस सेवा कार्य में झलकेस बाबूजी, सुभाष भाटी, कृष्ण भाटी, मनोज त्यागी, संजय फौजी, सिंहराज गुर्जर, सुधीर गुर्जर, चरण सिंह भाटी, कालूराम भाटी, आशीष कसाना, विजेंद्र भड़ाना सहित अनेक गणमान्य लोग और ग्रामवासी सेवादार के रूप में उपस्थित रहे।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर सलारपुर का शिव मंदिर श्रद्धा, आस्था और सेवा भावना का केंद्र बना रहा, जिसने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संदेश दिया।