गौतमबुद्धनगर: भाकियू नोएडा ने किया राष्ट्रीय महामंत्री पवन खटाना का भव्य स्वागत, सर्किल रेट बढ़ोतरी को लेकर बड़े आंदोलन का ऐलान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा।
दो टूक// भारतीय किसान यूनियन नोएडा के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों द्वारा संगठन के नव नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता भाई पवन खटाना का नोएडा सेक्टर-19 स्थित बारात घर एवं ग्राम मामूरा में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान किसानों और ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर एवं फूलमालाएं अर्पित कर उनका भव्य अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन खटाना ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह किसानों के विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह किसानों, मजदूरों और शोषित वर्ग की समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष की अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे।
पवन खटाना ने कहा कि सरकार द्वारा लंबे समय से किसानों की जमीन के सर्किल रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यदि शीघ्र ही सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए, तो भारतीय किसान यूनियन एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर महासंग्राम छेड़ेगी।
इस अवसर पर संगठन के युवा अध्यक्ष ललित चौहान ने कहा कि पवन खटाना जैसे जमीनी, संघर्षशील और किसानों के बीच रहने वाले नेता के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन और अधिक मजबूती से किसानों की आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन का युवा मोर्चा गांव-गांव जाकर किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है और आने वाले समय में हर अन्याय के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
ललित चौहान ने युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि किसान हितों की इस लड़ाई में युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है।
वहीं जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से मीडिया और प्रशासन के समक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं को दबने नहीं देगा और हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजे गुलाब बिधूड़ी, अजीत अधाना, रॉबिन नागर, योगेश भाटी, गजेंद्र चौधरी, लाला यादव, अमित डेटा, सुंदर, पवन नागर, ललित चौहान, अमित, सचिन, गजराज भाटी, बेगराज प्रधान, जगत प्रधान, सोनू मामूरा, अरविंद लोहिया, महेश खटाना सहित सैकड़ों किसान एवं मजदूर मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता और किसान हितों की लड़ाई को और तेज करने के संकल्प के साथ किया गया।।
