गोण्डा-- सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित द्वितीय ऑल इंडिया हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता के अंतर्गत संपन्न बास्केटबॉल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न अर्द्धसैनिक बलों एवं राज्य पुलिस टीमों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस की बास्केटबॉल टीम द्वारा उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन एवं खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की गई। उक्त प्रतियोगिता में जनपद गोण्डा पुलिस लाइन में नियुक्त आरक्षी मंगत राम द्वारा टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिसके फलस्वरूप टीम को निर्णायक बढ़त प्राप्त हुई और उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रथम स्थान अर्जित किया। इस क्रम में 19 फरवरी को पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अपने कैंप कार्यालय में आरक्षी मंगत राम को उनके सराहनीय प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उनके खेल कौशल, समर्पण एवं अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।