शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की ‘ग्राम चौपाल’ में सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की ‘ग्राम चौपाल’ में सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित “ग्राम चौपाल” कार्यक्रम लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। प्राधिकरण की इस पहल के तहत प्रतिदिन विभिन्न गांवों में पहुंचकर अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और उनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 18 फरवरी 2026 को प्राधिकरण क्षेत्र के ग्राम नगली वाजिदपुर एवं ग्राम कंबक्शपुर सहित कुल चार गांवों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सुनवाई

ग्राम चौपाल का आयोजन वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधकों के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के जल, विद्युत/यांत्रिकी, उद्यान, भू-लेख समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सिविल कार्यों, सड़कों की मरम्मत, जल आपूर्ति, सीवर लाइन, विद्युत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कई ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मांगों को भी अधिकारियों के सामने रखा।

निरीक्षण के बाद मौके पर समाधान

बैठक समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने गांवों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कई समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मांगों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पा रहा है।

ग्रामवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित रूप से चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता रहेगा।।