गौतमबुद्धनगर: आम्रपाली लेजर पार्क के पास युवकों-युवतियों से मारपीट प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार, बेसबॉल बैट बरामद!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना बिसरख पुलिस ने आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी के पास युवकों-युवतियों से मारपीट और कार में तोड़फोड़ की घटना में वांछित एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट भी बरामद किया गया है।
14 फरवरी की रात हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 की रात थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी के पास 2 लड़कों और 2 लड़कियों के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। आरोपियों ने पीड़ितों की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मु0अ0सं0 110/2026 के तहत धारा 110, 115(2), 352, 351(3), 324(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दबोचा गया आरोपी
घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। 19 फरवरी 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त फिरोज पुत्र इमामुद्दीन को चारमूर्ति के पास नर्सरी कट तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट बरामद किया गया।
पहले ही दो आरोपी जा चुके हैं जेल
इस प्रकरण में पुलिस पहले ही दो अन्य अभियुक्तों—शाहरुख पुत्र इमामुद्दीन और अजीम पुत्र मोहम्मद मोमीन—को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज (उम्र 35 वर्ष) मूल रूप से अब्दुला गार्डन, मयूर विहार कॉलोनी, डासना, थाना मसूरी, जिला गाजियाबाद का निवासी है। वर्तमान में वह आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी, थाना बिसरख, जनपद गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
