बुधवार, 11 फ़रवरी 2026

गोंडा- डीपीआरओ कार्यालय का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, साफ सफाई की व्यवस्था मिली खराब, अभिलेखों का रख-रखाव भी मिला असंतोषजनक

शेयर करें:
गोंडा- सीडीओ अंकिता जैन ने बुधवार को विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में साफ सफाई की व्यवस्था समुचित नहीं पाई गई तथा अभिलेखों का रख-रखाव भी असंतोषजनक पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कार्यालय में अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव तत्काल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा आगंतुकों के बैठने हेतु उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा प्रकाश व्यवस्था भी की जाए। इसके अतिरिक्त कार्यालय परिसर में जन सूचना बोर्ड स्थापित करने तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी को फ्लेक्स/नोटिस बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि यदि कोई कर्मचारी अवकाश पर जाता है, तो वह मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश स्वीकृत होने के उपरांत ही अवकाश पर जाए।
कार्यालय कक्ष के बाहर बरामदे में काफी संख्या में अलमारियां निष्प्रयोग अवस्था में पाई गईं, जिस पर संबंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपरोक्त सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।