गोंडा- राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं के द्वारा इटियाथोक कस्बे के सकरे और पुराने बिसुही नदी पुल निर्माण को लेकर आज यानी बुधवार को पांचवें दिन भी हस्ताक्षर अभियान जारी रहा। आज का यह प्रदर्शन यहां पर अनोखे तरीके से देखने को मिला। छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं के द्वारा पुल के किनारे खड़े होकर लालटेन जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। यहां रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडे ने बताया कि यहां के जिम्मेदारों को यह पुल नजर नही आ रहा है। इसी वजह से आज दोपहर में ही लालटेन जलाकर इन सबको पुल दिखाने का प्रयास किया गया है। हो सकता है इस लालटेन की रोशनी की वजह से यह लोग इस पुल को देख ले और इसका नवनिर्माण होने लगे। उन्होंने कहा कि यह पुल काफी पुराना, जर्जर व सकरा है और इससे बड़ी दुर्घटना कभी भी घटित हो सकती है। पुल अत्यंत सकरा होने के नाते आए दिन यहां जाम लगा रहता है। इसकी वजह से कई बार एंबुलेंस फंसी है तथा प्रतिदिन छात्रों की क्लास लेट होती है। तमाम लोग आफिस देर से पहुंचते है।
कार्यक्रम संयोजक युगांक मिश्रा ने बताया कि आज हमारे कार्यक्रम का पांचवा दिन है। अभी तक 5153 लोगों ने हस्ताक्षर कर इस पुल निर्माण के लिए अपना समर्थन दिया है। हमारी एक बार पुनः सरकार से मांग है कि इसका नवनिर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए। इस अवसर पर रीता वर्मा, नईम, अम्बरीष, अफजल, रंजीत पांडे, जाहिद आदि अनेक लोग मौजूद रहे।
