गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस की सघन जांच के बाद स्थिति सामान्य!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस की सघन जांच के बाद स्थिति सामान्य!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 19 फरवरी 2026।
दो टूक:: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। यह धमकी ऐसे समय दी गई जब स्कूलों में CBSE और यूपी बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही थीं, जिससे अभिभावकों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सभी स्कूलों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), एंटी-सैबोटाज (A.S.) चेक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर तैनात किया गया। प्रत्येक स्कूल परिसर, कक्षाओं, पार्किंग, बैग्स और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई।

मौके पर संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा स्वयं पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने भी कई स्कूलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी स्कूल से कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। सभी स्थानों पर स्थिति पूर्णत: सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 19-02-2026 को विभिन्न स्कूलों को एक ही प्रकार के ई-मेल के जरिए बॉम्ब थ्रेट भेजा गया था। इस मामले में साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। ई-मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, उसका सर्वर लोकेशन क्या है तथा इसके पीछे किसकी संलिप्तता है—इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित न होने देने के लिए स्कूल प्रशासन और पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा गया है।

फिलहाल सभी स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा का कार्य सुचारु रूप से जारी है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।