बुधवार, 18 फ़रवरी 2026

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पीस कमेटी बैठक, आगामी त्योहारों को लेकर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील!!

शेयर करें:

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पीस कमेटी बैठक, आगामी त्योहारों को लेकर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी नोएडा/एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 श्री प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

दिनांक 17.02.2026 को थाना सेक्टर-39 परिसर में आयोजित इस बैठक में थानाध्यक्ष सेक्टर-39 सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी उपस्थित नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को आहत करने, अफवाह फैलाने अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनसहभागिता और सतर्कता के माध्यम से क्षेत्र में शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाएगा, ताकि सभी समुदाय आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मना सकें।।