गौतमबुद्धनगर: कूटरचित दस्तावेज बनाकर 87 लाख की जमीन हड़पने का प्रयास, थाना जेवर पुलिस ने दो शातिर गिरफ्तार!!
दो टूक:: गौतमबुद्धनगर। थाना जेवर पुलिस ने जमीन का फर्जी बैनामा कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से छेड़छाड़ करते हुए भूमि का फर्जी बैनामा कर करीब 87,66,000 रुपये की ठगी की थी।
क्या है पूरा मामला
दिनांक 09 फरवरी 2026 को वादी द्वारा थाना जेवर पर लिखित तहरीर देकर शिकायत की गई कि अभियुक्तगण ने धोखाधड़ी करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी भूमि का बैनामा कर लिया और उससे 87 लाख 66 हजार रुपये हड़प लिए। शिकायत के आधार पर थाना जेवर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई।
लोकल इंटेलिजेंस की मदद से गिरफ्तारी
दिनांक 10 फरवरी 2026 को थाना जेवर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए मुकदमे में प्रकाश में आए दो अभियुक्तों को खुर्जा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
- रत्ना उर्फ रतन सिंह पुत्र स्व. विक्रम सिंह, निवासी ग्राम महोबली, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर (वर्तमान पता थाना खुर्जा देहात, बुलंदशहर)।
- सोनू पुत्र राकेश, निवासी ग्राम साहब नगर, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस संबंध में थाना जेवर पर मु0अ0सं0 048/26 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार अभियुक्त सोनू पुत्र राकेश के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
- मु0अ0सं0 20/2023 धारा 420 भादवि व 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम
- मु0अ0सं0 892/2018 धारा 147/323/447/448/504/506 भादवि
- मु0अ0सं0 255/2015 धारा 147/148/323/336/504/506 भादवि
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भूमि संबंधी मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।।
