पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की बड़ी कार्रवाई: 60 लाख की ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ठगी करने वाला साइबर अपराधी रामपुर से गिरफ्तार!!
दो टूक// नोएडा। थाना साइबर क्राइम नोएडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम चलाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को ऑनलाइन स्टोर चलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर निवेश कराता था और करीब 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दे चुका था।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को लोकल इंटेलिजेंस एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी शहनवाज पुत्र शमशाद अहमद को जनपद रामपुर से गिरफ्तार किया गया। वह थाना शहजाद नगर क्षेत्र के नौंगावा गांव का निवासी है।
व्हाट्सएप लिंक से देता था झांसा
जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ऑनलाइन स्टोर में निवेश करने के लिए प्रेरित करता था। प्रारंभ में छोटे मुनाफे का लालच देकर भरोसा जीतता और फिर बड़ी रकम निवेश करवाकर ठगी करता था। इसके अलावा वह अन्य साइबर अपराधियों को भी अपना बैंक खाता कमीशन लेकर उपलब्ध कराता था, जिससे धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर की जाती थी।
देशभर में दर्ज हैं शिकायतें
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल 15 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें महाराष्ट्र (3), आंध्र प्रदेश (1), दिल्ली (2), गुजरात (1), तेलंगाना (2), उत्तर प्रदेश (2), हिमाचल प्रदेश (1), केरल (1) और कर्नाटक (2) शामिल हैं। इन खातों में अब तक करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है।
आरोपी के खिलाफ थाना नासिक सिटी, महाराष्ट्र में भी मुकदमा दर्ज है।
दर्ज मुकदमा और बरामदगी
थाना साइबर क्राइम गौतमबुद्धनगर में मु0अ0सं0 132/2025 के तहत धारा 318(4), 319(2), 61(2) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—
- 01 मोबाइल फोन
- 04 डेबिट कार्ड
- 01 आधार कार्ड
- 01 पैन कार्ड
- 01 डीएल कार्ड
- 26 पेज कॉलिंग डाटा
बरामद किया है।
पुलिस की अपील: सतर्क रहें
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आम जनता से अपील की है—
- व्हाट्सएप या कॉल पर आए फर्जी इन्वेस्टमेंट ऑफर पर विश्वास न करें।
- किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें।
- किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनता को साइबर जागरूकता के प्रति लगातार सचेत किया जाता रहेगा।।
