पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की बड़ी कामयाबी: अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 22 मोटरसाइकिल समेत 25 वाहन बरामद!!
दो टूक// नोएडा। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 चोरी की मोटरसाइकिल, 02 स्कूटी, 01 फर्जी नंबर प्लेट तथा एक अवैध तमंचा .32 बोर मय 01 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
यह कार्रवाई 12 फरवरी 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई। पुलिस ने आरोपियों—विशाल उर्फ सलीम, दीपक और दिवाकर सरकार—को बिजलीघर सेक्टर-50, नोएडा के पास से गिरफ्तार किया।
दिल्ली-एनसीआर में करते थे सक्रिय चोरी
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र में पहले रैकी करते थे और फिर सुनसान या भीड़-भाड़ वाले स्थानों से दोपहिया वाहनों की चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को किसी अज्ञात स्थान पर इकट्ठा कर मौका मिलते ही राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे।
बरामद वाहनों में कुछ मोटरसाइकिलें पूर्व में थाना सेक्टर-20 नोएडा, थाना अशोक नगर दिल्ली और थाना पुल प्रहलादपुर दिल्ली में दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 22 चोरी की मोटरसाइकिल
- 02 चोरी की स्कूटी
- 01 फर्जी नंबर प्लेट
- 01 अवैध तमंचा .32 बोर मय 01 जिंदा कारतूस
बरामद किए हैं।
शातिर अपराधी, लंबा आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी विशाल उर्फ सलीम के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित अनेक गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। दीपक के विरुद्ध भी चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। दिवाकर सरकार के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। अन्य संभावित साथियों और चोरी के नेटवर्क के संबंध में भी जांच जारी है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।।
