शनिवार, 14 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वैलेंटाइन डे पर सनसनी: कार में युवक-युवती के शव मिले, पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वैलेंटाइन डे पर सनसनी: कार में युवक-युवती के शव मिले, पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। उत्तर प्रदेश की ‘शो विंडो’ कहे जाने वाले नोएडा शहर में वैलेंटाइन डे के दिन एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107, दादरी रोड स्थित पिलर नंबर-84 के पास खड़ी एक कार के अंदर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, कार (रजि. नं. DL14CL6473) के अंदर युवक और युवती के सिर में गोली लगी हुई थी। युवक के हाथ में एक पिस्टल बरामद हुई है और कार अंदर से लॉक पाई गई। मौके से कारतूस भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान सुमित (32 वर्ष) पुत्र राजवीर निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली तथा रेखा (26 वर्ष) पुत्री देवचंद निवासी सलारपुर, सेक्टर-101 नोएडा के रूप में की है। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

घटनास्थल पर अफरा-तफरी

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। कार के अंदर खून फैला हुआ था और दोनों के शरीर पर गोली के स्पष्ट निशान थे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या या किसी अन्य कारण से घटना हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

जांच में जुटी पुलिस

थाना सेक्टर-39 पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए सभी साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। घटनास्थल से बरामद पिस्टल की वैधता और लाइसेंस संबंधी जांच भी की जा रही है।

फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने वैलेंटाइन डे के दिन शहर को स्तब्ध कर दिया है।।