गोंडा- इटियाथोक कस्बा स्थित कई दशक पुराने व अत्यंत सकरे बिसुही नदी पुल के नवनिर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत द्वारा चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान चौथे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे छात्र नेता शिवम पाड़े ने बताया कि अब तक 4213 लोगों ने हस्ताक्षर कर एक स्वर में पुल का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है। मुरलीपुरवा निवासी शुभम तिवारी ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं और प्रतिदिन बलरामपुर आवागमन करते हैं। पुल पर लगने वाले भीषण जाम के कारण अक्सर उन्हें देर हो जाती है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द पुल निर्माण की मांग की है। करुवापारा निवासी सतीश मिश्रा ने बताया कि 2 दिन पूर्व शाम को अपनी दादी को डॉक्टर के पास ले जाना था लेकिन पुल पर लगे जाम के कारण एक से डेढ़ घंटे की देरी हो गई। उन्होंने कहा कि पुल के नवनिर्माण से दवा इलाज के लिए जिला मुख्यालय व राजधानी लखनऊ की यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। कार्यक्रम संयोजक युगांक मिश्रा ने बताया कि चार दिवसीय हस्ताक्षर अभियान में अब तक तमाम लोगों का समर्थन मिल चुका है। मौके पर अभिषेक वर्मा, अमित शुक्ला, उमेश यादव, दीनानाथ वर्मा, मोहम्मद गुलजार, राहुल यादव, सुफियान अहमद सहित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।