गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, .315 बोर तमंचा बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अवैध शस्त्र के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 19 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महर्षि आश्रम गेट नंबर-1 के पास से आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 01 तमंचा .315 बोर बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सिन्टू कुमार (21 वर्ष) पुत्र उदय के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम सन्हा, बेगूसराय (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में ग्राम सलारपुर, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में थाना फेस-2 में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज है। ताजा मामले में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 082/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
थाना सेक्टर-39 पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मामले में आगे की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह अवैध शस्त्र कहां से लाया और किस उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था।।
