गौतमबुद्धनगर: कोको काउंटी सोसाइटी के नागपाल रेस्टोरेंट में सिलेंडर लीक से भीषण आग, 4 लोग झुलसे!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कोको काउंटी मल्टी स्टोरी सोसाइटी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राउंड फ्लोर पर संचालित नागपाल रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग गैस सिलेंडर लीक होने के कारण लगी, जिसकी चपेट में आकर चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही रेस्टोरेंट परिसर में धुआं फैल गया और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सोसाइटी के निवासियों ने तुरंत फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय किया, जिससे आग को फैलने से पहले ही काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस के अनुसार, दिनांक 20.02.2026 को थाना इकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत कोको काउंटी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित नागपाल रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी थी। बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग को बुझा दिया गया।
घटना में झुलसे चारों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्थाओं और गैस उपकरणों की नियमित जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मल्टी स्टोरी इमारतों में संचालित रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।।
