गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शिवा बजाज एजेंसी के खिलाफ ऑटो यूनियन और किसान यूनियन का जोरदार प्रदर्शन, 30 हजार अधिक बिलिंग का आरोप!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। सेक्टर-63 स्थित मामूरा में शिवा बजाज एजेंसी के बाहर सोमवार को गौतम बुद्ध नगर ऑटो यूनियन एवं भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का कारण एक सीएनजी ऑटो की खरीद पर कथित रूप से 30,000 रुपये अधिक वसूली का मामला बताया गया।
धरने की अध्यक्षता उमेश पाल ने की, जबकि संचालन चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने किया। बड़ी संख्या में ऑटो चालक और किसान यूनियन से जुड़े पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।
गौतम बुद्ध नगर ऑटो यूनियन के अध्यक्ष एवं किसान यूनियन (लोक शक्ति) के परिवहन मंत्री चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने आरोप लगाया कि पूर्व में यह एजेंसी सुमन बजाज के पास थी, जहां बिलिंग से एक रुपये भी अधिक नहीं लिया जाता था। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को शिवा बजाज द्वारा एजेंसी टेकओवर करने के बाद से उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है।
उनके अनुसार, ग्राहकों को यह कहकर गाजियाबाद से वाहन खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है कि नोएडा में अभी कोड और ट्रेड की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, जबकि प्रदेश के भीतर एक ही कोड पर डीलर आसानी से बिलिंग कर सकता है। आरोप है कि जानबूझकर ऐसी स्थिति बनाई जा रही है ताकि ग्राहक मजबूरी में 30,000 रुपये महंगा वाहन खरीदें। चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने स्पष्ट कहा कि “हम किसी भी कीमत पर नोएडा के ऑटो चालकों का शोषण नहीं होने देंगे।”
इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में किसी भी डीलर को आम जनता और श्रमिक वर्ग को लूटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
चौधरी बीसी प्रधान किसान हितों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन हमेशा गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी डीलर द्वारा अनियमितता या अधिक वसूली की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित डीलरशिप को निरस्त कराने तक की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन भी सक्रिय नजर आया। मौके पर पहुंचे एसीपी उमेश कुमार और थाना प्रभारी पुनीत सिंह ने तत्परता दिखाते हुए शिवा बजाज एजेंसी के मालिक एवं जीएम से वार्ता की। बातचीत के बाद 18 फरवरी को दोनों पक्षों के बीच औपचारिक बैठक का समय तय किया गया। प्रशासन के आश्वासन पर फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया।
धरने में मुख्य रूप से ठाकुर सुधीर, महेश तंवर, हरेंद्र बैसोया, धनंजय शाह, अरुण दादा, नरेंद्र पाल, पाल बघेल, अतुल तिवारी, मिट्ठू दादा, संजय दादा, संदीप, लाल पाल, भूरा पाल, मनोज यादव, छोटन, पवन पंडित, पप्पू फौजी, गवर्नर, विशाल, साहिल, मनजीत, चंचल, वीपी सिंह, मनु शर्मा, हरिअवाना, बबली, नीरज, गोविंद, अरुण गौतम, दीपक, विकास सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 18 फरवरी की वार्ता में संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।।
