गोण्डा- विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा लक्ष्यपूर्ति की स्थिति पर गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं में लंबित आवेदनों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार शत-प्रतिशत निस्तारण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभ प्राप्त हो सके। साथ ही अनावश्यक विलंब के लिए उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत इम्पैनलमेंट की कार्यवाही का अंतिमकरण लंबित पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा एक सप्ताह के भीतर समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पाया गया कि कुछ आवेदन विद्यालय स्तर पर लंबित हैं। इस संबंध में निर्देशित किया गया कि विशेष कैंप आयोजित कर विद्यालय स्तर पर अवशेष डाटा का निस्तारण जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाए।
