गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नार्कोटिक्स सैल की बड़ी कार्रवाई: 30 किलो अवैध गांजा समेत 3 तस्कर गिरफ्तार, 5 लाख रुपये की खेप बरामद!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना सेक्टर-113 पुलिस और नार्कोटिक्स सैल की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
संयुक्त ऑपरेशन में दबोचे गए तस्कर
दिनांक 18 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-113 नोएडा पुलिस एवं नार्कोटिक्स सैल की टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सेक्टर-72 के पास से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 30 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है—
- राहुल हक (32 वर्ष) पुत्र नबर अली, मूल निवासी ग्राम नन्दीना, थाना सहायबगज, जिला कुचबिहार (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता झुग्गी-झोपड़ी, ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा।
- आलम हुसैन (32 वर्ष) पुत्र सहीत अली, मूल निवासी ग्राम किसामत कारला वन, थाना सहायबगज, जिला कुचबिहार (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता झुग्गी-झोपड़ी, ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा।
- बिलाल हुसैन (40 वर्ष) पुत्र अब्दुल शेख, मूल निवासी ग्राम किसामत कारैला, थाना सहायबगज, जिला कुचबिहार (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता झुग्गी-झोपड़ी, ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा।
पश्चिम बंगाल से एनसीआर तक फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्तगण मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। ये लोग पश्चिम बंगाल से ट्रेन और ट्रकों के माध्यम से छिपाकर सस्ते दामों पर गांजा लाते थे और उसे एनसीआर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जिसकी कड़ियों की तलाश की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना सेक्टर-113 नोएडा में मु0अ0सं0 53/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और तस्करों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।।
