गौतमबुद्धनगर: फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी तो 16,769 किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि पर संकट, एडीएम प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर | 06 फरवरी 2026
दो टूक// प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने की, जिसमें जनपद में योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि यदि फार्मर रजिस्ट्री समय से पूर्ण नहीं कराई गई तो जनपद के 16,769 किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शीघ्र ही रोकी जा सकती है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 48,112 पीएम किसान लाभार्थियों में से अब तक 28,597 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष किसानों की रजिस्ट्री कराया जाना अभी लंबित है।
उप कृषि निदेशक ने जानकारी दी कि शेष किसानों को योजना से जोड़ने के लिए कृषि, राजस्व, विकास एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी योजनाओं जैसे फसली ऋण, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण आदि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि यह शासन की प्राथमिकता में शामिल है कि प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
