रविवार, 8 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-142 में निर्माणाधीन इमारत में दर्दनाक हादसा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-142 में निर्माणाधीन इमारत में दर्दनाक हादसा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

शटरिंग गिरने से दो मजदूरों की मौत, ठेकेदार व सुपरवाइजर हिरासत में

दो टूक// नोएडा के थाना सेक्टर-142 क्षेत्र में रविवार को निर्माण कार्य के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे दो मजदूरों की शटरिंग (सेंटरिंग) गिरने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 फरवरी 2026 को दो मजदूर निर्माणाधीन इमारत में कार्यरत थे। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई, जिससे दोनों मजदूर ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भवन या मकान नहीं गिरा है, बल्कि केवल शटरिंग गिरने के कारण यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। डीसीपी सेंट्रल तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और सुपरवाइजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है। वहीं, इस हादसे से मजदूरों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा और जिम्मेदारों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।।