गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा फेस-1 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो 170 ग्राम गांजे के साथ 19 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा फेस-1 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो 170 ग्राम गांजे के साथ 19 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-1 पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध गांजे की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलो 170 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

सेक्टर-8 से हुई गिरफ्तारी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 फरवरी 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-8 क्षेत्र से गांजे की तस्करी में लिप्त अभियुक्त को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नासिर खान उर्फ कालू (उम्र 19 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शफीक उर्फ पित्तू खान, निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-08, थाना फेस-1 नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

अभियुक्त के विरुद्ध थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 068/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

नशे के खिलाफ सख्त रुख

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जनपद में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और शहर को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।।