गौतमबुद्धनगर: नुक्कड़ नाटक से जागी सड़क सुरक्षा की चेतना, यातायात पुलिस ने दिलाई नियम पालन की शपथ!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
🚦 यातायात सुरक्षा माह–2026 🚦
दो टूक:: पुलिस आयुक्त महोदया, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात महोदया के पर्यवेक्षण में यातायात सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत बुधवार 21 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करना एवं दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अभियान के तहत #Crashfree_India_NGO के सहयोग से सेक्टर–15, 16 एवं 18 मेट्रो स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों व वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं संकेतों के महत्व को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से समझाया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, मोबाइल फोन का उपयोग ड्राइविंग के दौरान न करें तथा यातायात संकेतों का पूर्ण पालन करें।
यातायात पुलिस के इस सराहनीय प्रयास को आमजन का सकारात्मक समर्थन मिला। लोगों ने जागरूकता कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। यातायात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित व दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
