बुधवार, 28 जनवरी 2026

गोंडा- अदम गोंडवी खेल मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा हिंदू सम्मेलन किया गया आयोजित

शेयर करें:
गोंडा- अदम गोंडवी खेल मैदान में बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख स्वांत रंजन जी ने संबोधित किया। उन्होंने हिंदू एकता पर बल देते हुए कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में समाज के समग्र परिवर्तन के लिए पंच परिवर्तन को जीवन में उतारना आवश्यक है।
प्रचार प्रमुख ने कहा कि भारत विश्व का प्राचीनतम राष्ट्र है। जब पश्ख्मि के देशों ने आंखें नहीं खोली थीं, तब भारत शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान, कृषि, व्यापार आदि क्षेत्रों में अग्रणी था। विश्व व्यापार में 24 प्रतिशत की भागीदारी अकेले भारत की थी। हमें पुनः उसी गौरव को प्राप्त करना है। यह सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्य जैसे पंच परिवर्तन से ही संभव है। सामाजिक समरसता के माध्यम से जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर समरस समाज का निर्माण होगा। कुटुंब प्रबोधन से परिवार भारतीय संस्कृति के केंद्र बने रहेंगे। पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करना होगा। स्वदेशी जीवनशैली से आत्मनिर्भर भारत को गति मिलेगी, जबकि नागरिक कर्तव्यों के पालन से राष्ट्र की नींव मजबूत होगी।
राष्ट्र जागरण मंच की अखिल भारतीय संयोजक और सर्वोच्च न्यायालय की अधिवक्ता सुबूही खान ने भारत के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की सभ्यता हजारों वर्षों पुरानी है और उसने विश्व को ज्ञान, दर्शन और जीवन मूल्यों की दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जहां लगभग 60 प्रतिशत भूमि आज भी उर्वर है, जो इसकी कृषि प्रधान संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि विविधता के बावजूद एकता भारत की सबसे बड़ी शक्ति रही है और इसी ने देश को सदैव जीवंत बनाए रखा है।
अयोध्या से आए बधाई पीठाधीश्वर राजीव लोचन शरण जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन परंपरा समाज को जोड़ने वाली मूल शक्ति है। उन्होंने कहा कि सनातन एकता से ही समाज में नैतिकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना बनी रहती है तथा यही एकता राष्ट्र को आंतरिक रूप से मजबूत बनाती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे करगिल योद्धा विजय सिंह करगिल ने लोगों को घरों में शास्त्र के साथ शस्त्र रखने को कहा।
इस मौके पर एम्स इंटरनेशनल के बच्चों ने एक भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत किया। आवास विकास शाखा के दो बाल स्वयंसेवकों अजिताभ व अस्तित्व ने ‘हिंदू सत्य सनातन हैं हम, गीत सुनाकर लोगों ने राष्ट्रप्रेम के भाव को झकझोर दिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, राम प्रकाश गुप्त, श्रीमान सिंह, प्रवीण जी, सतीश, अमित, अश्विनी शुक्ल, ज्योति पांडेय, बीएन सिंह, नेहा भारद्वाज, अलका पांडेय, धर्मेंद्र पांडेय, बृजेश द्विवेदी, धीरज दूबे, हनुमान सिंह बिसेन, अशोक सिंह, केके श्रीवास्तव, डॉ राजेंद्र पाठक, प्रशांत सिंह, अजीत पांडेय, ओमप्रकाश सोनी, भरत गिरि, सूर्य नारायण तिवारी,  पंकज सोनी, सोनू सोनकर, आशीष मोदनवाल, दिनेश कश्यप, रजत सोनी, सुनील दास, श्याम जी मिश्रा, ओमप्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे। संचालन राकेश वर्मा गुड्डू ने किया।