बुधवार, 7 जनवरी 2026

भारतीय किसान यूनियन अवधेश की किसान महापंचायत में संगठन विस्तार, किसानों की एकजुटता का दिखा मजबूत संदेश!!

शेयर करें:

भारतीय किसान यूनियन अवधेश की किसान महापंचायत में संगठन विस्तार, किसानों की एकजुटता का दिखा मजबूत संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: मैनपुरी!!

जनपद मैनपुरी के फर्दपुर में भारतीय किसान यूनियन अवधेश की एक विशाल और ऐतिहासिक किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत की अध्यक्षता संगठन के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने की। पंचायत में मैनपुरी सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह किसान एकता और संगठन की मजबूती का प्रतीक बन गया।

किसान महापंचायत के दौरान संगठन को जमीनी स्तर से लेकर प्रदेश व मंडल स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई अहम नियुक्तियाँ की गईं। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने मुकेश पांडे को प्रदेश महासचिव, जितेंद्र मिश्रा उर्फ बजरंगी को प्रदेश उपाध्यक्ष, बॉबी शाक्य को मंडल महामंत्री, बृजेश यादव को मंडल उपाध्यक्ष, देव सिंह पाल को मंडल महासचिव (आगरा), विनय राजपूत को प्रदेश उपाध्यक्ष, अनुरुद्ध कुमार को प्रदेश महामंत्री तथा विनेश कुमार को तहसील महासचिव नियुक्त करने की घोषणा की। इन नियुक्तियों के बाद उपस्थित किसानों और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।

नव-नियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाठक, जिला अध्यक्ष मैनपुरी शैलेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष मैनपुरी नितिन कुमार सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए संगठन के प्रति निष्ठा और किसान हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन अवधेश केवल एक संगठन नहीं, बल्कि किसानों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियाँ पूरी तरह किसान केंद्रित हैं और उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए किसानों को एकजुट करेंगे और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाठक ने अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन अवधेश निरंतर विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का हर पदाधिकारी किसानों के दुख-दर्द को अपनी प्राथमिकता मानकर कार्य कर रहा है। संतोष पाठक ने यह भी कहा कि मैनपुरी की यह किसान महापंचायत आने वाले समय में संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगी और इससे किसानों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

किसान महापंचायत के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं, जैसे फसल लागत, सिंचाई, बिजली, खाद-बीज, समर्थन मूल्य और किसान हितों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। किसानों ने संगठन से अपेक्षा जताई कि उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी किसानों और पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, आपसी एकता और किसान हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। मैनपुरी के फर्दपुर में आयोजित यह किसान महापंचायत भारतीय किसान यूनियन अवधेश के संगठनात्मक विस्तार और किसान आंदोलन को नई दिशा देने वाली साबित हुई।।