सोमवार, 26 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: गणतंत्र दिवस पर किसानों की एकजुटता का विराट प्रदर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गणतंत्र दिवस पर किसानों की एकजुटता का विराट प्रदर्शन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर भाकियू की ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा से गूंजा नोएडा!

नोएडा।
दो टूक:: आज 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना के नेतृत्व में भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह तिरंगा यात्रा नोएडा के सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन से देशभक्ति गीतों और डीजे के साथ प्रारंभ होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर, पुलिस चौकी के पास, गांव शाहदरा तक पहुंची, जहां तिरंगा झंडा फहराकर यात्रा का समापन किया गया।

इस अवसर पर हजारों की संख्या में किसान, मजदूर एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया और देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान क्षेत्र के युवाओं ने देशभक्ति गीतों पर जोशपूर्ण नृत्य कर कार्यक्रम को और भी ऊर्जावान बना दिया।

सभा को संबोधित करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने कहा कि 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर निकाली गई यह तिरंगा यात्रा देश और समाज को एक सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराया, आज उसी तरह किसान अपने हक और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्राधिकरण पर किसानों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण क्षेत्र के किसान बार-बार आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे हैं।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष मटरू नागर ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा हैं। गणतंत्र दिवस पर तिरंगे के साथ किसानों की यह एकजुटता यह साबित करती है कि किसान संविधान, लोकतंत्र और देश की अखंडता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने किसानों से संगठित रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

वहीं युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान ने कहा कि आज का युवा किसान आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से किसान आंदोलन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिल रही है। युवा वर्ग संविधानिक मर्यादाओं में रहकर किसानों के हक की लड़ाई में पूरी मजबूती से खड़ा है।

इस अवसर पर सुनील प्रधान, अनित कसाना, अजीत अधाना, अमित डेढ़ा, विनोद पंडित, जोगिंदर चेची, अजीत गैराठी, अजीत पाल नंबरदार, धर्मपाल स्वामी, योगेश भाटी, महेश खटाना, गजेंद्र, नवनीत, सुभाष सलारपुर, भिखारी प्रधान, ललित चौहान, लाला यादव, अमित जैलदार, सचिन कसाना, मोहित नगर, सोनू मुखिया, गुलाब सतते भाटी सहित सैकड़ों किसान, मजदूर और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा, जिसने गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसान एकता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया ।।