शनिवार, 10 जनवरी 2026

आजमगढ़ : माहुल नगर में हिंदू सम्मेलन का हुआ आयोजन

शेयर करें:
 
भारतीय संस्कृति की रक्षा और सामाजिक समरसता से ही होगी हिंदुत्व की रक्षा : सुरजीत

।।सिद्धेश्वर पाण्डेय ।।
दो टूक ,आजमगढ़ ।  जिले के  फूलपुर तहसील के माहुल नगर पंचायत  के रामलीला मैदान में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गोरखपुर क्षेत्र के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत और विशिष्ट अतिथि डॉ राजेंद्र मुनि ने हिंदु सम्मेलन में भारतीय संस्कृति को मजबूत करने और हिंदुत्व की रक्षा के बारे में विस्तार से व्याख्यान दिया । 

 हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरएसएस के प्रांत प्रचारक सुरजीत ने कहा कि जिस तरह से व्यक्ति की पहचान मुखमंडल से होती है उसी तरह भारत की पहचान हिंदुत्व से होती है।हिंदुत्व को खत्म करने के लिए समय काल खंड में अनेक आक्रांता लुटेरे आए पर भारतीय संस्कृति के आगे उन्हें घुटने टेकना पड़ा।भारत विश्व का इकलौता देश है , जो वसुधैव कुटुंबकम् और सर्वे भवन्तु सुखिन सर्वे संतु निरामया के सिद्धांत का पालन करता है, और हिंदुत्व से ही स्वयं को श्रेष्ठ बनाने के साथ ही साथ विश्व को श्रेष्ठ बनाने का मार्ग निकलता है।उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने धर्म और आचरण की रक्षा करना सिखाया। सुरजीत ने सम्मेलन में आगे कहा कि आज हमें परिवार को बचाने की जरूरत है। परिवार प्रेम से चलता है।भारतीय संस्कृति में दीपक जलाने की परंपरा है पर लोग आज जन्मदिन में दीपक बुझाते है। हमें पाश्चात्य संस्कृति से बचने की जरूरत है। भारतीय संस्कृति पर्यावरण संरक्षण,स्व जागरण,नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता की भावना से अपने घर और समाज को परिपूर्ण करना होगा और परिवार और देश के प्रति अपने दायित्वों  का पालन करना होगा, तभी हमारी हिंदुत्व की संस्कृति बचेगी और भारत सर्वश्रेष्ठ भारत विश्वगुरु बनेगा। इसे बचाने के लिए हमें संगठित होकर आगे बढ़ना होगा तभी हिन्दू समाज की आगे आने वाली पीढ़ी संरक्षित होगी और भारत माता विश्व गुरु के सिंहासन पर बैठेगी और भारत माता की जय होगी। डॉ राजेंद्र मुनि ने भी हिंदुत्व के रक्षा के विषय पर अपना व्याख्यान दिया । अंत मे भारत माता की आरती उतारी गयी ।अध्यक्षता राम कृष्ण पाण्डेय एवं संचालन विक्रांत पाण्डेय ने किया 
 इस मौके पर धरणीधर पांडेय,विक्रांत पांडेय,संजय मोदनवाल,संतोष पांडेय,सुजीत जायसवाल आंसू,हरिकेश गुप्ता,विजय सिंह,राम मनी यादव, अरुणाकर सिंह हैपी हरिशंकर सोनी,राजेश पांडेय,सुनील पाण्डेय ,डॉ अविनाश पाण्डेय आदि रहे।