बुधवार, 28 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: ग्रेटर नोएडा में सरकारी प्राथमिक विद्यालय बना चोरों का निशाना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: ग्रेटर नोएडा में सरकारी प्राथमिक विद्यालय बना चोरों का निशाना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूरजपुर थाना क्षेत्र के देवला गांव में स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने देर रात दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूल से इन्वर्टर, बैटरी, मिड-डे मील में उपयोग होने वाले बर्तन और करीब 18 साल पुराने महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए।

चोरी की घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह विद्यालय खुला। स्कूल परिसर में पहुंचने पर प्रधानाचार्य और स्टाफ ने देखा कि स्कूल की दीवार टूटी हुई है और कमरों में रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। जांच करने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्रधानाचार्य ने तुरंत सूरजपुर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। सरकारी स्कूल को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से विद्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।।