गौतमबुद्धनगर: घरेलू कलह बना खूनी ड्रामा: साली पर चाकू से हमला कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 16वीं मंज़िल से कूदकर की आत्महत्या!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा (बिसरख):
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पैरामाउंट सोसायटी में घरेलू कलह ने उस समय खूनी और आत्मघाती रूप ले लिया, जब पत्नी से विवाद के बाद एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पहले अपनी साली पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद 16वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शत्रुघ्न सिन्हा (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटना (बिहार) का निवासी था। वह बिसरख थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पैरामाउंट सोसायटी के टावर-C में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
बेरोज़गारी और पारिवारिक तनाव
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, लेकिन वे पिछले छह माह से बेरोज़गार थे, जिससे वह मानसिक तनाव में चल रहे थे। उनकी शादी करीब 11 वर्ष पूर्व हुई थी और उनका आठ वर्षीय बेटा है। उनकी पत्नी एक निजी आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चला आ रहा था। बीते कुछ दिनों से उनकी साली भी उसी फ्लैट में रह रही थी।
शराब के नशे में बढ़ा विवाद, साली पर चाकू से वार
घटना के समय शत्रुघ्न के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि उन्होंने पत्नी के साथ मारपीट करने की कोशिश की। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई साली पर उन्होंने सब्ज़ी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले उठा आत्मघाती कदम
घटना के बाद पत्नी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शत्रुघ्न ने फ्लैट का गेट अंदर से बंद कर लिया और बालकनी में जाकर 16वीं मंज़िल से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी
बिसरख थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह, बेरोज़गारी और नशे को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि घायल साली का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।।
