गौतमबुद्धनगर पुलिस लाइंस में 77वां गणतंत्र दिवस भव्यता से सम्पन्न !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने ली परेड की सलामी, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने दिलाई संविधान की शपथ!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में पुलिस लाइंस, सूरजपुर स्थित परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग) माननीय श्री जसवंत सैनी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि माननीय श्री जसवंत सैनी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया एवं गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रैतिक परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया। इस अवसर पर देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं भारतीय संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करते हुए उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
शानदार परेड का प्रदर्शन
परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर सुश्री दीक्षा भोरिया (सहायक पुलिस आयुक्त), द्वितीय परेड कमांडर श्री शकील अहमद (सहायक पुलिस आयुक्त) एवं तृतीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक श्री नेकराम सिंह द्वारा किया गया। अनुशासित, आकर्षक एवं जोश से भरी परेड ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संविधान की प्रस्तावना की शपथ
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा समारोह में उपस्थित सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। इस दौरान जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर श्रीमती मेधा रूपम, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त श्री अजय कुमार सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मियों का सम्मान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं पुलिस आयुक्त द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए डीजी डिस्क गोल्ड व सिल्वर शौर्य पदक, सेवाभिलेख पदक, अति उत्कृष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह एवं पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त, कमिश्नरेट में सराहनीय कार्य करने वाले 92 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं महाकुंभ प्रयागराज में सेवा देने वाले 716 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नकद पुरस्कार व रिवार्ड अवकाश की घोषणा
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नकद पुरस्कार एवं रिवार्ड अवकाश की घोषणा की गई। प्रत्येक प्लाटून कमांडर को ₹5,100 नकद पुरस्कार, प्रत्येक परेड कमांडर को जी.एच. तथा परेड में शामिल प्रत्येक पुलिसकर्मी को तीन दिवसीय रिवार्ड अवकाश प्रदान किया जाएगा।
प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान आपातकालीन सेवा डायल-112 वैन, बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दल, फॉरेंसिक वैन, पुलिस रेडियो वाहन, दंगा निरोधक वज्र वाहन सहित विभिन्न प्रदर्शनों का आयोजन किया गया। नन्हें परिंदों एवं छात्र-छात्राओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान व धन्यवाद ज्ञापन के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त द्वारा मुख्य अतिथि को एवं मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस आयुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। आयोजन में उपस्थित मीडिया बंधुओं, छायाकारों, सेवानिवृत्त आईएएस/आईपीएस अधिकारियों, सेवारत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सूक्ष्म जलपान के साथ समारोह का भव्य समापन किया गया।
