गौतमबुद्धनगर: बसंत पंचमी पर आरडब्ल्यूए पॉकेट-7, सेक्टर-82 में विधि-विधान से होलिका स्थापना, मंत्रोच्चार व प्रसाद वितरण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आरडब्ल्यूए पॉकेट-7, सेक्टर-82 द्वारा मैन गेट के बाहर परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका की स्थापना की गई। इस अवसर पर गाय के गोबर के उपले एवं लकड़ी से होलिका सजाई गई, जो पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक रही।
आचार्य अनिल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया गया। सर्वप्रथम गणेश पूजन किया गया, तत्पश्चात सभी देवी-देवताओं का आवाह्न कर विधिवत पूजन किया गया। पूजन उपरांत आरती हुई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कहा कि बसंत पंचमी के शुभ दिन पूजन के साथ होलिका स्थापना का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक त्योहार हमें संस्कार, एकता और परंपराओं को सहेजने की सीख देता है, इसलिए हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित लोगों में उपाध्यक्ष रवि राघव, कोषाध्यक्ष सुशील पाल, सदस्य रमेश शर्मा, विष्णु शर्मा, सुभाष शर्मा, राजवीर सिंह, संजय ढाली, नवल मिश्रा, विजय सक्सेना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम सौहार्द, श्रद्धा और सामाजिक एकता के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।।
