गौतमबुद्धनगर: 35 आपदा मित्रों को मिला नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल को लेकर किया गया तैयार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक:: गौतमबुद्धनगर, 09 जनवरी 2025
जनपद गौतमबुद्धनगर में आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा विभाग, गौतमबुद्धनगर प्रियंका की अध्यक्षता में 35 आपदा मित्रों को नागरिक सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी आपदा मित्रों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में भी नामित किया गया, जिससे अब वे आपदा मित्र के साथ-साथ सिविल डिफेंस स्वयंसेवक के रूप में भी आपात स्थितियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यह पहल जनपद में आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद सहित प्रदेश के समस्त जनपदों में काल्पनिक हवाई हमले से बचाव हेतु ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जानी प्रस्तावित है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन, स्वयंसेवकों और आमजन की तैयारी को परखा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी एवं प्रभारी सहायक उप नियंत्रक, सिविल डिफेंस बुलंदशहर उमेश चंद्र अवस्थी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान आपदा प्रबंधन की मूल अवधारणाएं, नागरिक सुरक्षा के दायित्व, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपात स्थिति में जनसुरक्षा के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशासन ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित आपदा मित्र एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने में अहम भूमिका निभाएंगे।।
