गुरुवार, 29 जनवरी 2026

गौतमबुद्धनगर: आरएलडी महिला अधिवेशन 1 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में, संगठन शक्ति और महिला नेतृत्व का होगा प्रदर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आरएलडी महिला अधिवेशन 1 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में, संगठन शक्ति और महिला नेतृत्व का होगा प्रदर्शन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, नेतृत्व विकास और संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा विशेष फोकस!!

दो टूक// नोएडा। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) महिला प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 1 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “महिला अधिवेशन” को लेकर तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नोएडा मीडिया क्लब में एक विस्तृत प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें अधिवेशन की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की गई। यह अधिवेशन ग्रेटर नोएडा स्थित अवध ग्रीन्स में आयोजित होगा, जिसे संगठन के लिए एक ऐतिहासिक और निर्णायक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती सोनिका आनंद (राष्ट्रीय सचिव—महिला प्रकोष्ठ, प्रदेश प्रभारी—दिल्ली एवं पूर्व प्रभारी—राजस्थान) हैं, जो लंबे समय से महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु समर्पित रूप से कार्य कर रही हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन न केवल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा, बल्कि महिलाओं की आवाज़ को निर्णायक भूमिका में स्थापित करने का भी कार्य करेगा।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री माननीय श्री जयंत चौधरी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चारू चौधरी तथा राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा कपिलावे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती ऋचा सिंह (राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी—पश्चिमी उत्तर प्रदेश व हरियाणा), श्रीमती कमलेश सहरावत (दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष), श्रीमती परिणीता सिंह (उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष), श्रीमती नेल्लुतला प्रसंथी (तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष) तथा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती याशिका चौहान शामिल होंगी। इस अवसर पर देश के 14 प्रदेशों से महिला कार्यकारिणी की पदाधिकारी और हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इसके अतिरिक्त संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी अधिवेशन की शोभा बढ़ाएँगे, जिनमें श्री त्रिलोक त्यागी (राष्ट्रीय महासचिव—संगठन), श्री विनय प्रधान (राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर प्रभारी), श्री रजनीश मलिक (प्रदेशाध्यक्ष—दिल्ली), श्री जोगिन्दर सिंह अवाना (प्रदेशाध्यक्ष—राजस्थान), श्री रविन्द्र मछरौली (प्रदेशाध्यक्ष—हरियाणा) तथा श्री नरेंद्र छिक्कारा (प्रदेश संगठन महासचिव) प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीमती ऋचा सिंह ने अधिवेशन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला प्रकोष्ठ का लक्ष्य महिलाओं को राजनीतिक रूप से जागरूक, संगठित और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं को अपने विचार व्यक्त करने और नेतृत्व के अवसर प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

वहीं श्री जोगिन्दर सिंह अवाना ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल महिलाओं को संगठन और समाज में सम्मानजनक व निर्णायक भूमिका देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार यह अधिवेशन पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

श्रीमती रूबी जादों, जिलाध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर (महिला प्रकोष्ठ) ने बताया कि जिले के प्रत्येक गाँव से महिलाएँ अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने और संगठन से जुड़ने के उत्साह के साथ अधिवेशन में पहुँचेंगी। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर राष्ट्रीय लोकदल के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसे संगठन का मजबूत किला बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान श्रीमती दीपमाला ने भी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि यह अधिवेशन महिलाओं को नेतृत्व के नए अवसर प्रदान करेगा तथा संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ करेगा।

प्रेस वार्ता में जोगिन्दर सिंह अवाना, ऋचा सिंह, सोनिका आनंद, रूबी जादों, दीपमाला, इंद्राणी त्यागी, अनुपम कुमारी, शिखा भटनागर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अधिवेशन को लेकर महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और इसे आरएलडी महिला प्रकोष्ठ की शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।।